राजकीय राजगीर मलमास मेला 2026 के अवसर पर शाही स्नान को लेकर साधु संतों में उत्साह….

ख़बरें टी वी : पिछले 16 वर्षो से ख़बर में सर्वश्रेष्ठ.. ख़बरें टी वी ” आप सब की आवाज ” …आप या आपके आसपास की खबरों के लिए हमारे इस नंबर पर खबर को व्हाट्सएप पर शेयर करें… ई. शिव कुमार, “ई. राज” -9334598481.
.. हमारी मुहिम .. नशा मुक्त हर घर .. बच्चे और नवयुवक ड्रग्स छोड़ें .. जीवन बचाएं, जीवन अनमोल है .. नशा करने वाले संगति से बचे ..
… हमारे प्लेटफार्म पर गूगल द्वारा प्रसारित विज्ञापन का हमारे चैनल के द्वारा कोई निजी परामर्श नहीं है, वह स्वतः प्रसारित होता है …
#ख़बरें Tv: आज दिनांक 27 मई 2026 को श्री कुंदन कुमार, जिला पदाधिकारी, नालन्दा एवं श्री भारत सोनी,पुलिस अधीक्षक नालंदा द्वारा राजकीय राजगीर मलमास मेला 2026 के अवसर पर शाही स्नान को लेकर नियंत्रण कक्ष से संपूर्ण मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं के आवागमन तथा विधि-व्यवस्था की लगातार निगरानी रखी जा रही है।
संपूर्ण मेला क्षेत्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नियंत्रण कक्ष से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ और प्रभावी बनी रहे।
राजकीय राजगीर मलमास मेला बिहार ही नहीं बल्कि देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। धार्मिक मान्यता के अनुसार मलमास अवधि में राजगीर स्थित विभिन्न कुंडों एवं सरोवरों में स्नान करने का विशेष महत्व माना जाता है।
शाही स्नान के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के राजगीर पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर सुरक्षा एवं सुविधा संबंधी तैयारियां की हैं।
जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मेला क्षेत्र में आधुनिक तकनीक की सहायता से चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। इसके लिए एक अत्याधुनिक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां से संपूर्ण मेला क्षेत्र में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की असामान्य स्थिति उत्पन्न होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए नियंत्रण कक्ष में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
पुलिस अधीक्षक श्री भारत सोनी ने जानकारी देते हुए कहा कि शाही स्नान के दौरान भीड़ प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक रूप से पुलिस बल की चाक चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित की गई है । चप्पे-चप्पे मेला क्षेत्र के प्रमुख प्रवेश एवं निकास द्वारों, स्नान घाटों, मंदिर परिसरों, पार्किंग स्थलों तथा संवेदनशील स्थानों पर पुलिस पदाधिकारी एवं जवान लगातार निगरानी कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस बल की भी पर्याप्त तैनाती की गई है।
श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। विभिन्न मार्गों पर यातायात नियंत्रण के लिए दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। वाहनों की पार्किंग हेतु अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं ताकि मेला क्षेत्र में अनावश्यक भीड़ एवं जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
मेला क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली तथा सहायता केंद्रों की व्यवस्था की गई है। विभिन्न स्थानों पर सूचना एवं सहायता शिविर स्थापित किए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। खोया-पाया केंद्र भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है ताकि किसी भी श्रद्धालु के परिजन बिछड़ने की स्थिति में तत्काल सहायता प्रदान की जा सके।
स्वास्थ्य सेवाओं को भी विशेष रूप से सुदृढ़ किया गया है। मेला क्षेत्र में अस्थायी स्वास्थ्य शिविर, एम्बुलेंस तथा चिकित्सा दल की तैनाती की गई है। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को अलर्ट मोड में रखा गया है। अग्निशमन विभाग की टीम भी आवश्यक उपकरणों के साथ मेला क्षेत्र में मौजूद है, ताकि किसी भी आकस्मिक घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से मेला क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
प्रशासन द्वारा साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नगर निकाय एवं संबंधित विभागों को नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विभिन्न स्थानों पर पेयजल एवं शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
राजकीय राजगीर मलमास मेला 2026 के शाही स्नान कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु राजगीर पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें।
जिला प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी व्यवस्थाओं की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। वहीं पुलिस अधीक्षक श्री भारत सोनी ने कहा कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
राजकीय राजगीर मलमास मेला भारतीय संस्कृति, आस्था एवं परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे पूर्ण श्रद्धा एवं भक्ति के साथ इस पावन अवसर का लाभ उठा सकें।
