राजगीर जू सफारी में शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए “जू एंबेसडर प्रोग्राम” का शुभारंभ..
वन्यजीव संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता के लिए विद्यार्थियों को मिलेगा नेतृत्व का अवसर ।

ख़बरें टी वी : पिछले 16 वर्षो से ख़बर में सर्वश्रेष्ठ.. ख़बरें टी वी ” आप सब की आवाज ” …आप या आपके आसपास की खबरों के लिए हमारे इस नंबर पर खबर को व्हाट्सएप पर शेयर करें… ई. शिव कुमार, “ई. राज”- नेशनल टीवी रिपोर्टर–इंडिया Tv, न्यूज़ नेशन, न्यूज़ स्टेट, इंडिया News, सम्पूर्ण नालंदा जिला -9334598481. नोट :- मेरे अलावा इन चैनलों में और कोई नालंदा जिले से रिपोर्टर नहीं है, अगर कोई बोलता है तो हमें कॉल करके शिकायत करें…
.. हमारी मुहिम .. नशा मुक्त हर घर .. बच्चे और नवयुवक ड्रग्स छोड़ें .. जीवन बचाएं, जीवन अनमोल है .. नशा करने वाले संगति से बचे ..
… हमारे प्लेटफार्म पर गूगल द्वारा प्रसारित विज्ञापन का हमारे चैनल के द्वारा कोई निजी परामर्श नहीं है, वह स्वतः प्रसारित होता है …
#ख़बरें Tv: वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण शिक्षा एवं भावी पीढ़ी में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राजगीर जू सफारी द्वारा शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए “जू एंबेसडर प्रोग्राम” प्रारंभ किया जा रहा है। यह कार्यक्रम कक्षा VII, VIII एवं IX के विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है, जिसका उद्देश्य छात्रों को वन्यजीव संरक्षण का युवा एंबेसडर बनाना है।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत भाग लेने वाले विद्यालयों से इच्छुक विद्यार्थियों के आवेदन राजगीर जू सफारी की आधिकारिक वेबसाइट https://rajgirsafari bihar.gov.in/zoo-ambassador के माध्यम से ऑनलाइन आमंत्रित किए जाएंगे। इसके उपरांत विद्यालयों को वन्यजीव संरक्षण से संबंधित अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। विद्यालय प्रबंधन द्वारा आयोजित परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रत्येक कक्षा (VII, VIII एवं IX) के एक-एक विद्यार्थी को उस विद्यालय का “जू एंबेसडर” चुना जाएगा।
चयनित जू एंबेसडर का कार्यकाल एक शैक्षणिक वर्ष (अप्रैल से मार्च) का होगा। इस अवधि में उन्हें वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता, पर्यावरण संरक्षण तथा राजगीर जू सफारी की विभिन्न गतिविधियों से संबंधित नवीनतम जानकारी एवं प्रशिक्षण प्राप्त होगा। जू एंबेसडर अपने विद्यालय, परिवार एवं समाज में वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने, पर्यावरणीय गतिविधियों का नेतृत्व करने तथा संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को अनेक विशिष्ट अवसर प्राप्त होंगे, जिनमें:-
राजगीर जू सफारी द्वारा आयोजित विभिन्न ईको-डे एवं संरक्षण कार्यक्रमों में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन भागीदारी।
राजगीर जू सफारी में आयोजित विशेष एक दिवसीय “जू एंबेसडर कार्यक्रम” में निःशुल्क सहभागिता ।
गाइडेड सफारी, वन्यजीव अस्पताल एवं वन्यजीव देखभाल सुविधाओं का विशेष भ्रमण।
वन्यजीव विशेषज्ञों, पशु चिकित्सकों एवं एनिमल कीपर्स के साथ संवाद।
निःशुल्क शैक्षणिक किट प्रदान की जाएगी।
विद्यालय स्तर पर वन्यजीव संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता गतिविधियों के आयोजन का अवसर।
नेतृत्व क्षमता, संचार कौशल एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्व का विकास।
कार्यक्रम के सफल समापन पर प्रशिक्षित विद्यार्थियों को “राजगीर जू सफारी के जू एंबेसडर” की उपाधि प्रदान की जाएगी। साथ ही उन्हें प्रमाण-पत्र, आधिकारिक बैज एवं “जू पासपोर्टः प्रदान किया जाएगा, जिसके माध्यम से वे दो वर्षों की अवधि में राजगीर जू सफारी के पाँच निःशुल्क भ्रमण का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
राजगीर जू सफारी के निदेशक श्री राम सुंदर एम. ने कहा, “जू एंबेसडर प्रोग्राम” विद्यार्थियों को प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण से जोड़ने की एक अनूठी पहल है। हमारा विश्वास है कि आज के जागरूक विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार पर्यावरण संरक्षक बनेंगे। यह कार्यक्रम उन्हें ज्ञान, अनुभव और नेतृत्व के अवसर प्रदान करेगा, जिससे वे अपने विद्यालय, परिवार और समाज में संरक्षण का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित कर सकें।
राजगीर जू सफारी का यह अभिनव कार्यक्रम विद्यार्थियों में प्रकृति एवं वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य के जिम्मेदार पर्यावरण संरक्षक एवं संरक्षण दूत के रूप में तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
राजगीर जू सफारी प्रशासन सभी विद्यालयों से इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस अनूठी पहल से जोड़ने का आग्रह करता है।
