October 19, 2024

ख़बरे टी वी – गुरु नानक देव के 550 वें प्रकाश पर्व के आयोजन को लेकर जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक

गुरु नानक देव के 550 वें प्रकाश पर्व के राजगीर में आयोजन को लेकर आज जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में आर आई सी सी के सभागार में बैठक आहूत की गई।
इस कार्यक्रम का आयोजन 27 से 29 दिसंबर की अवधि में राजगीर में किया जा रहा है।
आयोजन की अवधि में सेवादारों के रहने के लिए तथा लंगर के लिए टेंट/ पंडाल का निर्माण हॉकी ग्राउंड में पर्यटन विभाग द्वारा किया जा रहा है। विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि संबंधित एजेंसी द्वारा आज से हॉकी ग्राउंड में कार्य प्रारंभ किया गया है। सेवादारों के आवासन हेतु 23 दिसंबर तक संपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश पर्यटन विभाग के कार्यपालक अभियंता को दिया गया।
हॉकी ग्राउंड में पेयजल की आपूर्ति टैंकर के माध्यम से की जाएगी। टैंकर की व्यवस्था गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी द्वारा की जा रही है। टैंकर की फीलिंग के लिए पीएचईडी द्वारा ऑर्डनेन्स फैक्ट्री रोड में स्थल चिन्हित किया गया है। इसी स्थल से लगातार टैंकर की फीलिंग सुनिश्चित करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को दिया गया। इस कार्य के लिए अलग से एक नोडल पदाधिकारी को नामित करने का निदेश कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को दिया गया।
कार्यक्रम अवधि में पटना से राजगीर आने वाले संगत के लिए रास्ते में चंडी के आस-पास अल्पाहार, पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। इस स्थल पर भी पर्याप्त संख्या में शौचालय का निर्माण सुनिश्चित कराने का निर्देश कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को दिया गया।
बाहर से आने वाली संगत के वाहनों की पार्किंग स्टेट गेस्ट हाउस के लिए चिन्हित भूमि पर कराया जाएगा। इसके लिए कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल द्वारा स्टेट गेस्ट हाउस परिसर की लेवलिंग करायी जा रही है। जिला पदाधिकारी ने 18 दिसंबर तक पार्किंग स्थल को लेवलिंग करने का कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
जूता- चप्पल रखने के लिए जोड़ा घर लंगर हॉल के पास एवं गुरुद्वारा के पास निर्माण किया जाएगा। साथ ही संगत के सामान रखने के लिए हॉकी ग्राउंड में गठरी घर की व्यवस्था भी की जाएगी।
28 दिसंबर को संगत द्वारा राजगीर में नगर कीर्तन निकाला जाएगा, जो नवोदय विद्यालय से प्रारंभ होकर गुरुद्वारे तक जाएगा।
नवोदय विद्यालय, हॉकी ग्राउंड एवं गुरुद्वारा के पास 24 घंटे मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया।
कार्यक्रम अवधि में राजगीर में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सभी उपयुक्त स्थानों पर यातायात से संबंधित उपयुक्त साईनेज लगाने का निर्देश दिया गया। सुगम यातायात हेतु सभी निर्धारित स्थलों पर ड्रॉप गेट का निर्माण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।


राजगीर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर हेल्पडेस्क बनाया जायेगा। जहां सभी आवश्यक महत्वपूर्ण सूचना से संबंधित बुकलेट भी उपलब्ध कराया जाएगा।
नगर पंचायत राजगीर को साफ सफाई के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रम अवधि से पूर्व से ही लगातार फौगिंग कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य गण, निष्काम सेवा दल के प्रतिनिधि, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल/ पीएचइडी/ पथ निर्माण विभाग/ विद्युत, अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजगीर, भूमि सुधार उप समाहर्ता राजगीर सहित अन्य विभागों के जिला स्तरीय एवं स्थानीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Other Important News