• Thu. Jan 15th, 2026

#bihar: नालंदा विश्वविद्यालय में सहभागिता संवाद की चतुर्थ बैठक संपन्न…

Bykhabretv-raj

Jan 6, 2026

 

 

 

 

 

 

 

 

नालंदा विश्वविद्यालय में सहभागिता संवाद की चतुर्थ बैठक संपन्न…

 

 

 

 

 

 

ख़बरें टी वी : पिछले 15 वर्षो से ख़बर में सर्वश्रेष्ठ.. ख़बरें टी वी ” आप सब की आवाज ” …आप या आपके आसपास की खबरों के लिए हमारे इस नंबर पर खबर को व्हाट्सएप पर शेयर करें… ई. शिव कुमार, “ई. राज” -9334598481.

.. हमारी मुहिम .. नशा मुक्त हर घर .. बच्चे और नवयुवक ड्रग्स छोड़ें .. जीवन बचाएं, जीवन अनमोल है .. नशा करने वाले संगति से बचे ..

… हमारे प्लेटफार्म पर गूगल द्वारा प्रसारित विज्ञापन का हमारे चैनल के द्वारा कोई निजी परामर्श नहीं है, वह स्वतः प्रसारित होता है …

 

 

#ख़बरें Tv: राजगीर, नालंदा, 06 जनवरी 2026; नालंदा विश्वविद्यालय के परिसर में आज सहभागिता संवाद की चतुर्थ बैठक का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य विश्वविद्यालय और आसपास के विद्यालयों के बीच संवाद, सहयोग एवं साझा शैक्षणिक पहलों को सुदृढ़ करना रहा।

बैठक की अध्यक्षता नालंदा विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. सचिन चतुर्वेदी ने की। इसमें डॉ. भीमराव अंबेडकर विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, आरडीएच हाई स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर, मिडिल स्कूल जत्ती सहित कुल आठ निकटवर्ती विद्यालयों के प्रधानाचार्यों सहित उनके कई प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अपने संबोधन में कुलपति प्रोफेसर सचिन चतुर्वेदी ने कहा कि विश्वविद्यालय और विद्यालयों के संयुक्त प्रयासों से सहभागिता को नई गति मिलेगी और आने वाले समय में कई ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने सहभागिता के अंतर्गत विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी और कहा कि इन पहलों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

कुलपति ने सभी विद्यालयों को 09 से 13 जनवरी 2026 के बीच नालंदा विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले हिंदी सम्मेलन एवं थिंक टैंक्स सम्मेलन में भाग लेने का भी आमंत्रण दिया। उन्होंने यह भी बताया कि जिलाशिक्षा पदाधिकारी के सुझाव के अनुरूप शिक्षकों एवं विद्यालयों के लिए अभिलेख प्रबंधन (रिकॉर्ड कीपिंग) पर एक प्रशिक्षण कार्यक्रम शीघ्र आयोजित किया जाएगा।

 

 

इसके अतिरिक्त, उन्होंने पड़ोसी विद्यालयों के लिए विश्वविद्यालय पुस्तकालय की सुविधा को सुदृढ़ करने तथा शीघ्र ही एक मूर्तिकला कार्यशाला आयोजित किए जाने की जानकारी दी।

जिलाशिक्षा पदाधिकारी श्री आनंद विजय ने स्थानीय जीविका दीदियों के कौशल विकास से जुड़ी संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए और बताया कि इससे प्रारंभिक तौर पर विद्यालयों के लिए यूनिफॉर्म तैयार करने जैसे कार्यों में सहयोग मिल सकता है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से शिक्षा विभाग को सबसे अधिक लाभ होगा।

बैठक के दौरान हिंदी भाषा में प्रकाशित न्यूज़लेटर “सहभागिता संवाद समाचार” का विमोचन किया गया। इस न्यूज़लेटर में नालंदा विश्वविद्यालय एवं विद्यालयों द्वारा संयुक्त रूप से किए गए सहभागिता संबंधी कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया गया है। न्यूज़लेटर की प्रतियां सभी विद्यालयों को वितरित की गईं। इसके प्रथम अंक में डॉ. भीमराव अंबेडकर विद्यालय को विशेष रूप से प्रस्तुत किया गया है, जबकि आगामी अंकों में अन्य विद्यालयों को शामिल किया जाएगा।

 

 

 

विद्यालय प्रतिनिधियों ने सहभागिता पहल की सराहना की। डॉ. भीमराव अंबेडकर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राजीव रंजन ने बताया कि इस पहल से उनके विद्यालय के बच्चे वाद-विवाद जैसी गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि नई सीख के माध्यम से उनका परिसर प्लास्टिक-मुक्त बना है और वर्षा जल संचयन की व्यवस्था भी अपनाई गई है। मिडिल स्कूल महादेवपुर के प्रधानाचार्य ने कहा कि उनके विद्यालय के छात्र नालंदा विश्वविद्यालय आने के लिए सदैव उत्सुक रहते हैं और यह एक सराहनीय प्रयास है।

सहभागिता समन्वयक डॉ. प्रांशु समदर्शी ने बताया कि कि स्थानीय विद्यालय के छात्र विश्विद्यालय में हो रहे योग सत्र में आमंत्रित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों के लिए, निकट भविष्य में, एक विशेष कार्यशाला भी आयोजित की जाएगी, जिससे उनकी एकाग्रता को बढ़ावा मिलेगा, जैसा कि बैठक में ओबीसी बालिका विद्यालय की प्रतिनिधि द्वारा सुझाव दिया गया था।

नालंदा विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों ने सहभागिता कार्यक्रम के अंतर्गत पाँच गाँवों में किए जा रहे शोध एवं कार्यों की प्रस्तुति दी। स्थानीय गाँवों की स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जुड़ी महिलाएं भी बैठक में उपस्थित रहीं।

बैठक का समापन कुलपति द्वारा सभी विद्यालयों को आगामी विश्वविद्यालय कार्यक्रमों में आमंत्रित करने तथा सुषमा स्वराज सभागार के समक्ष सामूहिक फोटो सत्र के साथ हुआ।