October 18, 2024

ख़बरे टीवी – जिला पदाधिकारी योगेंद्र सिंह ने समीक्षा के क्रम में उन्होंने सभी कार्यकारी एजेंसी के अभियंताओं को निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत कार्य पूर्ण करने का स्पष्ट दिया निर्देश

विभिन्न सड़क एवं भवन निर्माण की परियोजना का काम समय से करें पूरा – जिला पदाधिकारी

जिला पदाधिकारी योगेंद्र सिंह ने आज विभिन्न सड़क एवं भवन निर्माण परियोजनाओं के कार्य प्रगति की समीक्षा की।
समीक्षा के क्रम में उन्होंने सभी कार्यकारी एजेंसी के अभियंताओं को निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत कार्य पूर्ण करने का स्पष्ट निर्देश दिया।
भवन निर्माण विभाग द्वारा हरनौत में स्टेडियम निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस कार्य में उत्पन्न स्थानीय अवरोध को अविलंब दूर करने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी बिहार शरीफ एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता बिहारशरीफ को दिया गया। कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल को तेजी से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। जिला में वीवीपैट गोदाम निर्माण कार्य की निविदा प्रक्रियाधीन है। जिला पदाधिकारी ने निविदा के निष्पादन के उपरांत तेजी से कार्य करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल को दिया।
जिस भी प्रोजेक्ट में जमीन से संबंधित या अन्य कोई स्थानीय समस्या के कारण कार्य बाधित है, संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता को अविलंब इसका निराकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
एनएच 82-बिहारशरीफ- बरबीघा- मोकामा मार्ग में कैला, गिलानी तथा अन्य जगहों का शेष कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश एनएचएआई के अभियंता को दिया गया। इस मार्ग के बिहार शरीफ बाईपास भाग के कार्य में तेजी से प्रगति लाने का निर्देश दिया गया।
बिहारशरीफ बाईपास के नकटपुरा से भागन बीघा भाग का निर्माण कार्य पथ प्रमंडल बिहारशरीफ द्वारा कराया जा रहा है। इस खंड में कुछ स्थानों पर छोटी-छोटी स्थानीय समस्या के कारण कार्य की प्रगति बाधित हुई थी, जिसका निराकरण किया गया है। जिला पदाधिकारी ने 31 मार्च तक बाईपास के इस खंड का कार्य पूर्ण करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल बिहार शरीफ को दिया।
इसी प्रकार एन एच 30 ए में भी एक दो जगह पर स्थानीय समस्या के कारण कार्य पूर्ण नहीं हो सका है। जिला पदाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी बिहार शरीफ को अविलंब समस्या का निराकरण सुनिश्चित करने को कहा तथा एजेंसी को त्वरित गति से शेष निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल हिलसा को एकंगर सराय बाईपास, हिलसा पूर्वी बाईपास, नालंदा-इस्लामपुर पथ एवं अन्य महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी हिलसा एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता हिलसा को किसी भी परियोजना में आ रहे स्थानीय समस्या का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, जिला भू अर्जन पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, एनएचएआई के अभियंता, कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल बिहारशरीफ/ हिलसा कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल/ ग्रामीण कार्य विभाग सहित विभिन्न अंचलों के अंचलाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Other Important News