October 18, 2024

खबरें टीवी – विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लिए भू- अर्जन की प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अविलंब करें पूरा- जिला पदाधिकारी


जिला में विभिन्न महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के लिए भू- अर्जन एवं जमीन संबंधी समस्याओं को लेकर आज जिला पदाधिकारी योगेंद्र सिंह ने सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
नूरसराय – सिलाव पथ के लिए अर्जित किए गए भूमि का मुआवजा भुगतान करने के लिए 10 एवं 11 दिसंबर को बड़गांव में उपयुक्त स्थल पर विशेष शिविर लगाने का निर्देश अंचलाधिकारी सिलाव एवं जिला भू अर्जन पदाधिकारी को दिया गया। इस परियोजना के लिए जमीन संबंधी मामलों के निष्पादन हेतु भूमि सुधार उप समाहर्ता राजगीर को दायित्व दिया गया।
नालंदा – इस्लामपुर पथ का निर्माण पथ प्रमंडल हिलसा द्वारा किया जाना है। इसके लिए सतत लीज नीति के तहत जमीन लेने की प्रक्रिया की जा रही है।
जिला पदाधिकारी ने सभी परियोजनाओं के लिए जमीन हस्तांतरण के साथ-साथ इसका म्यूटेशन भी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया ताकि भविष्य के लिए रिकॉर्ड अद्यतन रहे एवं किसी तरह की समस्या नहीं हो।
बिहारशरीफ – बाईपास के उत्तरी भाग का कार्य पथ प्रमंडल बिहार शरीफ द्वारा कराया जा रहा है। जिला पदाधिकारी ने 31 दिसंबर तक इस खंड के शेष भाग का कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
हिलसा – पूर्वी बाईपास, हिलसा पश्चिमी बाईपास एवं एकंगर सराय बाईपास से संबंधित जमीन की समस्या के निवारण हेतु अनुमंडल पदाधिकारी हिलसा को नोडल पदाधिकारी बनाया गया। उन्हें सभी परियोजनाओं की समीक्षा कर जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
इस्लामपुर – बाईपास के निर्माण के लिए जमीन संबंधी मामले के निष्पादन की जिम्मेदारी भूमि सुधार उप समाहर्ता हिलसा को दी गई। उन्हें सभी निर्धारित प्रक्रिया त्वरित गति से सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
नूरसराय – बाईपास के निर्माण के लिए जमीन से संबंधित मामलों के निष्पादन की जिम्मेदारी अनुमंडल पदाधिकारी बिहार शरीफ को दी गई। उन्हें पथ प्रमंडल बिहार शरीफ के साथ समन्वय कर जमीन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी कार्यकारी विभागों के कार्यपालक अभियंताओं को सभी सड़क परियोजनाओं के लिए कार्य प्रगति का लक्ष्य निर्धारित करते हुए एक्शन प्लान बनाने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता, जिला भू अर्जन पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल हिलसा/ बिहार शरीफ एवं अन्य परियोजनाओं से जुड़े अभियंतागण सहित विभिन्न अंचलाधिकारी उपस्थित थे।

Other Important News