October 19, 2024

खबरें टी वी : नालंदा विश्वविद्यालय ने मनाई भारत की स्वतंत्रता की 75 वीं वर्षगांठ , भारत की समावेशी संस्कृति का प्रतीक है नालंदा – प्रो. सुनैना सिंह… जानिए पूरी ख़बर

नालंदा विश्वविद्यालय ने मनाई भारत की स्वतंत्रता की 75 वीं वर्षगांठ , भारत की समावेशी संस्कृति का प्रतीक है नालंदा – प्रो. सुनैना सिंह…

 

 

 

 

खबरें टी वी : 9334598481 : आदित्या की रिपोर्ट : नालंदा विश्वविद्यालय में भारत के स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम हर्ष और उल्लास के साथ सम्पन्न हुए। इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. सुनैना सिंह ने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष तथा मातृभूमि की रक्षा हेतु उनके त्याग और बलिदान को याद किया। अपने संदेश में प्रो. सिंह ने राष्ट्रनिर्माण की दिशा में आपसी शांति और सद्भाव के महत्व को भी रेखांकित किया।

 

 

प्राचीन नालंदा को “ज्ञान और विज्ञान का मंदिर” के रूप में याद करते हुए प्रो. सिंह ने कहा, “नालंदा भारत की समावेशी संस्कृति का प्रतीक है। नालंदा की ज्ञान-प्रणालियों में एक अनुशासन जीवन-पद्धति भी अंतर्निहित है। उन्होंने कहा कि “नालंदा का फिर से अस्तित्व में आना वस्तुतः वर्तमान संदर्भ में भारत-भूमि पर एक बार फिर विभिन्न देशों की संस्कृतियों के संगम को जीवंत करना है। वैश्विक जीवन-दृष्टि और बहुआयामी ज्ञान-परंपराओं को आत्मसात करने को बढ़ावा देने की प्रवृति नालंदा परंपरा को विशिष्ट बनाती हैं ।”

राजगीर में स्थित इस विश्वविद्यालय के सुरम्य परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन हुआ। भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय छात्रों ने विभिन्न देशों के वैविध्यपूर्ण सांस्कृतिक कार्यकर्म और देशभक्ति गीतों से उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों की वीरता और भारत के महापुरुषों की जीवन गाथाओं का भी स्मरण किया गया।

 

 

कुलपति प्रो. सुनैना सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय में मास्टर्स प्रोग्राम, डॉक्टरेट और अन्य अनुसंधान के साथ विभिन्न अल्पकालिक कार्यक्रम संचालित हो रहे हैं। पिछले चार वर्षों में एक नए शैक्षणिक ढांचे की परिकल्पना के साथ ऐतिहासिक रूप से प्रसिद्ध इस विश्वविद्यालय की नीव सुदृढ़ करने के लिए कई प्रयास शुरू किए गए हैं। नालंदा का यह नया अवतार अपने प्राचीन पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक संदर्भ में स्थापित करने व सामंजस्य पूर्ण बनाने में प्रयासरत है।

Other Important News