October 19, 2024

ख़बरे टी वी – नालन्दा में पंचायत निर्वाचन की पूर्व तैयारी को लेकर जिलाधिकारी ने विभिन्न कोषांगों के नोडल एवं वरीय पदाधिकारियों के साथ की बैठक…..

नालन्दा में पंचायत निर्वाचन की पूर्व तैयारी को लेकर जिलाधिकारी ने विभिन्न कोषांगों के नोडल एवं वरीय पदाधिकारियों के साथ की बैठक


KHABRE TV – 9334598481 – आगामी पंचायत चुनाव के सफल आयोजन को लेकर जिला स्तर पर 20 विभिन्न कोषांगों का गठन किया गया है।
चुनाव पूर्व तैयारी की समीक्षा को लेकर आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी पंचायत -सह- जिलाधिकारी श्री योगेंद्र सिंह ने विभिन्न कोषांगों के नोडल एवं वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
सभी कोषांग के नोडल पदाधिकारियों को संबंधित कार्यों के लिए समयबद्ध योजना के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया गया।
पंचायत चुनाव में जिला में प्रयुक्त होने वाले ईवीएम को जम्मू कश्मीर एवं लेह से लाने के लिए जिला से दल भेज गया है। इसके अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश से भी ईवीएम लाया जाना है। इसके लिए भी तकनीकी प्रक्रिया पूर्ण कर जिला से एक दल भेजा जाएगा।
ईवीएम के जिला में पहुंचने पर उसके एफएलसी (फर्स्ट लेवल चेकिंग) का कार्य बेल के इंजीनियर्स के माध्यम से कराया जाएगा।
कार्मिक कोषांग के नोडल पदाधिकारी को सभी प्रकार के मतदान दल कर्मियों का रिजर्व सहित आकलन करते हुए आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सामग्री कोषांग के नोडल पदाधिकारी को सभी आवश्यक सामग्रियों की सूची एवं संख्या का सही-सही आकलन करते हुए तैयारी करने का निदेश दिया गया।
वाहन कोषांग के नोडल पदाधिकारी को विभिन्न श्रेणी के वाहनों का आकलन करते हुए आगे की प्रक्रिया का पालन करने का निर्देश दिया गया।
अर्द्धसैनिक बल /पुलिस बल कोषांग के नोडल पदाधिकारी को फोर्स के आवासन हेतु सभी अनुमंडल में उपयुक्त तीन तीन स्थल चिन्हित करते हुए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
चुनाव में प्रयुक्त होने वाले मत पेटिकाओं की मरम्मती का कार्य भी समय से सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, स्थापना उप समाहर्ता, नजारत उप समाहर्ता सहित अन्य सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।

Other Important News