October 19, 2024

ख़बरे टीवी – नालंदा जिला पदाधिकारी ने गोलापुर हवाई अड्डा मैदान स्थित वाहन कोषांग एवं जे पी इंस्टिट्यूट बियावानी क्वॉरेंटाइन सेंटर का किया निरीक्षण

नालंदा जिला पदाधिकारी ने गोलापुर हवाई अड्डा मैदान स्थित वाहन कोषांग एवं जे पी इंस्टिट्यूट बियावानी क्वॉरेंटाइन सेंटर का किया निरीक्षण.

( ख़बरे टीवी – 9523505786 ) – जिला पदाधिकारी योगेंद्र सिंह ने आज गोलापुर हवाई अड्डा मैदान में संचालित वाहन कोषांग का निरीक्षण किया। कोविड-19 को लेकर जारी लॉक डाउन में विभिन्न माध्यमों से जिला में पहुंचने वाले प्रवासी कामगारों को संबंधित प्रखंड के क्वॉरेंटाइन सेंटर तक पहुंचाने के लिए हवाई अड्डा मैदान में वाहन कोषांग का संचालन किया जा रहा है।

जिला परिवहन पदाधिकारी मनोज कुमार इस कोषांग के नोडल पदाधिकारी हैं। उनके सहयोग हेतु दो परिक्ष्यमान वरीय उप समाहर्ता अभिषेक कुमार एवं किशन कुमार को भी प्रतिनियुक्त किया गया है। इस कोषांग के माध्यम से अद्यतन 5538 प्रवासी कामगारों को संबंधित प्रखंड के क्वॉरेंटाइन सेंटर तक पहुंचाया जा चुका है।


जिला पदाधिकारी ने रजिस्ट्रेशन की पद्धति एवं वाहनों के डिस्पैच के बारे में विस्तार से जानकारी ली तथा रिकॉर्ड का अवलोकन भी किया। उन्होंने संबंधित प्रखंड के क्वॉरेंटाइन सेंटर पर लोगों को भेजने से पहले संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी को दूरभाष के माध्यम से सूचित करने का निर्देश दिया।


वाहन कोषांग के निरीक्षण के उपरांत जिला पदाधिकारी ने जेपी इंस्टिट्यूट बियावानी क्वॉरेंटाइन सेंटर का निरीक्षण किया। इस सेंटर पर फिलहाल 232 लोग आवासित हैं।


जिला पदाधिकारी ने यहां रह रहे लोगों से उनका हालचाल जाना तथा किसी तरह की समस्या के बारे में भी पूछताछ की।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने भोजन की गुणवत्ता को भी देखा जो संतोषप्रद पाया गया। लोगों से भी भोजन की गुणवत्ता के बारे में उन्होंने पूछताछ की। सभी लोगों ने इस पर संतोष व्यक्त किया।


निरीक्षण के क्रम में जिला भू अर्जन पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी बिहार शरीफ उपस्थित थे।

Other Important News