October 18, 2024

ख़बरे टीवी – जिला पदाधिकारी ने विभिन्न कोषांगों के वरीय एवं नोडल पदाधिकारियों के साथ की बैठक

जिला पदाधिकारी योगेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक नीलेश कुमार ने आज हरदेव भवन सभागार में विभिन्न कोषांगों के वरीय एवं नोडल पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

सभी पदाधिकारियों को लॉक डाउन के द्वितीय चरण के निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
बिहार शरीफ के प्रभावित इलाके के कंटेनमेंट जोन में किसी भी प्रकार के मूवमेंट पर रोक है। इसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। कोर जोन में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से घर पर ही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
प्रभावित क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं, कुपोषित बच्चों, वयोवृद्ध व्यक्तियों एवं किसी अन्य बीमारी वाले व्यक्तियों को सूचीबद्ध करने हेतु त्वरित रूप से सर्वे कराने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया, ताकि ऐसे व्यक्तियों को समय पर उपयुक्त चिकित्सीय सहायता दी जा सके।


विभिन्न कार्यों के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं कर्मी की उपस्थिति संबंधित कर्तव्य स्थल पर सुनिश्चित कराने को कहा गया। कर्तव्य से अनुपस्थित पाए गए पदाधिकारियों/ कर्मियों के विरुद्ध स्पष्टीकरण पूछते हुए कार्रवाई की जाएगी।
आइसोलेशन सेंटर एवं क्वॉरेंटाइन सेंटर पर सभी आवश्यक व्यवस्था कोविड-19 हेतु निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार सुनिश्चित करने का निर्देश कोषांग के नोडल पदाधिकारी को दिया गया। इन केंद्रों पर भोजन की गुणवत्ता का विशेष रुप से ध्यान रखने का निर्देश दिया गया। मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार साफ सफाई एवं कूड़ा/ कचरा के निष्पादन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इन केंद्रों पर आइसोलेशन /क्वॉरेंटाइन में रखे गए लोगों के लिए मास्क, सैनिटाइजर, हैंड वॉश सहित अन्य आवश्यक सामग्रियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता ,उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी बिहार शरीफ, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिहार शरीफ सहित विभिन्न कोषांगों के नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।

Other Important News