अपर समाहर्ता नालन्दा की अध्यक्षता में मैट्रिक परीक्षा को लेकर संबंधित केंद्राधीक्षकों एवं दंडाधिकारियों के साथ ब्रीफिंग…

ख़बरें टी वी : पिछले 15 वर्षो से ख़बर में सर्वश्रेष्ठ.. ख़बरें टी वी ” आप सब की आवाज ” …आप या आपके आसपास की खबरों के लिए हमारे इस नंबर पर खबर को व्हाट्सएप पर शेयर करें… ई. शिव कुमार, “ई. राज” -9334598481.
.. हमारी मुहिम .. नशा मुक्त हर घर .. बच्चे और नवयुवक ड्रग्स छोड़ें .. जीवन बचाएं, जीवन अनमोल है .. नशा करने वाले संगति से बचे ..
… हमारे प्लेटफार्म पर गूगल द्वारा प्रसारित विज्ञापन का हमारे चैनल के द्वारा कोई निजी परामर्श नहीं है, वह स्वतः प्रसारित होता है …
#ख़बरें Tv: आज दिनांक 14 फरवरी 2026 को श्री राजीव रंजन कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता, नालन्दा की अध्यक्षता में नगर भवन बिहारशरीफ में मैट्रिक परीक्षा 2026 के स्वच्छ, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से संबंधित केंद्राधीक्षकों एवं दंडाधिकारियों को ब्रीफिंग किया गया ।
विदित हो कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा का आयोजन 17 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक दो पालियों में किया जाएगा।
इस परीक्षा के लिए जिला में 36 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बिहारशरीफ में 18 परीक्षा केंद्र, राजगीर में 09 परीक्षा केंद्र तथा हिलसा में 09 परीक्षा केंद्र पर परीक्षा का आयोजन होगा। छात्राओं के लिए 15 परीक्षा केंद्र तथा छात्रों के लिए 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा में 22666 छात्र एवं 22658 छात्रा, कुल 45324 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
सभी केंद्राधीक्षक को परीक्षा के संचालन के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा निर्गत निदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
परीक्षा में परीक्षार्थी को किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा केंद्र पर केंद्राधीक्षक को छोड़कर किसी भी अन्य प्रतिनियुक्त पदाधिकारी/कर्मी को मोबाईल साथ ले जाना प्रतिबंधित है।
गत वर्ष की भांति वार्षिक माध्यमिक (सैद्धान्तिक) परीक्षा, 2026 में भी सम्मिलित होने वाले परीक्षार्थियों के लिए जूता मौजा पहनकर परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश करना वर्जित रहेगा। तद्नुसार परीक्षार्थी जूता-मौजा की जगह चप्पल पहनकर ही परीक्षा केन्द्र में प्रवेश करेंगे।
परीक्षार्थियों को प्रथम पाली की परीक्षा प्रारंभ होने के लिए निर्धारित समय 9:30 बजे से 30 मिनट पूर्व अर्थात पूर्वाह्न 9:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा प्रारंभ होने के लिए निर्धारित समय अपराह्न 02:00 बजे से 30 मिनट पूर्व अर्थात अपराह्न 1:30 बजे तक ही परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। विलंब से आने वाले परीक्षार्थी को परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परीक्षा के स्वच्छ एवं कदाचार मुक्त वातावरण में आयोजन के लिए परीक्षा केंद्रों पर 77 स्टैटिक दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। साथ ही 17 गश्ती दल दंडाधिकारी, 08 उड़नदस्ता (जोनल दंडाधिकारी) तथा 06 सुपर जोनल दंडाधिकारी भी प्रतिनियुक्त किए गए हैं, जो लगातार परीक्षा केंद्रों के बीच भ्रमणशील रहकर स्वच्छ परीक्षा का संचालन सुनिश्चित कराएंगे।
जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारी अपने भ्रमण के दौरान परीक्षा केंद्र पर संधारित पंजी में अपनी निरीक्षण टिप्पणी दर्ज करेंगे तथा प्रतिदिन संध्या में दैनिक खैरियत प्रतिवेदन जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।
जिलास्तरीय नियंत्रण कक्ष टॉल फ्री नं – 18003456323 पर कार्यरत रहेगा।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र में सीसीटीवी कैमरा लगा रहेगा तथा सतत वीडियोग्राफी कराई जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर वीक्षक की प्रतिनियुक्ति रेंडमाइजेशन के आधार पर की जाएगी। केंद्र अधीक्षक संबंधित केंद्र के सभी वीक्षक एवं अन्य सहयोगी कर्मियों को अपने स्तर से पहचान पत्र निर्गत करेंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर महिला दंडाधिकारी भी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने वाले परीक्षार्थियों की गहन चेकिंग सुनिश्चित की जाएगी। महिला परीक्षार्थियों के लिए महिला दंडाधिकारी एवं महिला पुलिस बल चेकिंग करेंगे।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल तैनात रहेंगे। सभी परीक्षा कक्ष में रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का निदेश सभी केंद्राधीक्षक को दिया गया।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र के 500 मीटर की परिधि में भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 163 के तहत संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा निषेधाज्ञा लागू की गई है ।
सभी परीक्षा केंद्रों में शौचालयों की भी अच्छे से जाँच कर किसी भी तरह की नकल सामग्री की संभावना को दूर करने का निदेश दिया गया।
परीक्षा केंद्र के भीतरी परिसर के साथ साथ बाहर भी आस पास के क्षेत्र पर नजर बनाये रखने को कहा गया।
अपर समाहर्ता, महोदय ने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा निर्धारित प्रावधानों का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाय, इसमें रत्तीभर भी शिथिलता बरतने की गुंजाइश नहीं होगी।
सभी परीक्षा केंद्रों के आस पास की फ़ोटो स्टेट/स्टेशनरी की दुकानों की भी जाँच सुनिश्चित करने को कहा गया।
कोचिंग संस्थानों की गतिविधियों पर भी पैनी नजर बनाये रखने को कहा गया।
बिहारशरीफ शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखने का निदेश यातायात पुलिस उपाधीक्षक को दिया गया।
इस अवसर पर सभी अनुमंडल पदाधिकारी,विशेष कार्य पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा , जिला शिक्षा पदाधिकारी, नालन्दा, पुलिस उपाधीक्षक सहित संबंधित केंद्राधीक्षक , दण्डाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।
