October 19, 2024

ख़बरे टीवी – राज्य के बाहर से आने वाले लोगों को संबंधित प्रखंड के क्वॉरेंटाइन सेंटर पर अनिवार्य रूप से 21 दिनों के लिए क्वॉरेंटाइन में रखा जाएगा

राज्य के बाहर से आने वाले लोगों को संबंधित प्रखंड के क्वॉरेंटाइन सेंटर पर अनिवार्य रूप से 21 दिनों के लिए क्वॉरेंटाइन में रखा जाएगा|

ख़बरे टीवी – 9523505786 – राज्य के बाहर से आने वाले श्रमिकों, छात्रों एवं अन्य लोगों को संबंधित प्रखंड के क्वॉरेंटाइन सेंटर में अनिवार्य रूप से 21 दिनों के लिए रखा जायेगा। क्वॉरेंटाइन केंद्र से भागने का प्रयास करने वाले लोगों के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम एवं एपिडेमिक कंट्रोल एक्ट के तहत त्वरित प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
इसके लिए सभी प्रखंडों में क्वॉरेंटाइन सेंटर स्थापित किया गया है।
सभी प्रखंड स्तरीय क्वॉरेंटाइन सेंटर पर निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप तमाम व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आज जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आहूत की गई।
सभी प्रखंडों में आज शाम तक कम से कम 500 लोगों की क्षमता का क्वॉरेंटाइन सेंटर निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप तैयार हालत में रखने का निर्देश दिया गया। जिसे आवश्यकतानुसार एक हजार की क्षमता तक बढ़ाया जा सकेगा। इसके लिए भी तमाम तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
प्रत्येक क्वॉरेंटाइन केंद्र पर सीसीटीवी कैमरा एवं पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इन केंद्रों पर आवश्यकतानुसार अस्थाई शौचालय एवं बाथरूम पीएचईडी के द्वारा तैयार किया जा रहा है। इस कार्य को तेजी से पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।


क्वॉरेंटाइन केंद्र में आवासित किए जाने वाले लोगों के लिए संबंधित प्रखंड मुख्यालय में उपयुक्त भोजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। जिला पदाधिकारी ने भोजन की गुणवत्ता का विशेष रुप से ध्यान रखने को कहा। उन्होंने स्थानीय पदाधिकारियों को भी लगातार भोजन की टेस्टिंग सुनिश्चित करने रह करते रहने का निर्देश दिया।
प्रत्येक क्वॉरेंटाइन सेंटर पर साफ सफाई एवं सैनिटाइजेशन के लिए उपयुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया तथा कचड़े के डिस्पोजल के लिए भी कवर्ड पिट तैयार करने का निर्देश दिया गया।
सभी आने वाले लोगों का ऑन द स्पॉट निबंधन तथा हेल्थ स्क्रीनिंग किया जायेगा। निबंधन में उनकी ट्रेवल हिस्ट्री के साथ-साथ कार्य करने का क्षेत्र तथा उनके द्वारा धारित स्किल आदि की जानकारी भी दर्ज की जाएगी। मेडिकल स्क्रीनिंग में उनकी वर्तमान स्थिति के परीक्षण के साथ-साथ उनके हेल्थ हिस्ट्री को भी दर्ज किया जाएगा।
विभिन्न माध्यमों से जिला में पहुंचने वाले लोगों को उनके आवासीय प्रखंड के क्वॉरेंटाइन सेंटर पर भेजने के लिए बियाबानी हवाई अड्डा मैदान में वाहन कोषांग कार्यरत किया गया है। वाहन कोषांग के वरीय प्रभारी अपर समाहर्ता तथा नोडल पदाधिकारी जिला परिवहन पदाधिकारी बनाये गए हैं। किसी भी माध्यम से आने वाले लोगों को उनका निबंधन करने के पश्चात वाहन कोषांग के माध्यम से संबंधित प्रखंड के क्वॉरेंटाइन सेंटर पर प्रशासन द्वारा पुलिस एस्कॉर्ट में विशेष वाहन से पहुंचाया जाएगा।
प्रत्येक प्रखंड के क्वॉरेंटाइन केंद्र पर आने वाले लोगों की मेडिकल स्क्रीनिंग की जाएगी तथा कोरोनावायरस के किसी भी लक्षण पाये जाने वाले लोगों को अलग से आइसोलेशन में रखा जाएगा। इसके लिए प्रत्येक प्रखंड स्तर पर लगभग 50 व्यक्तियों की क्षमता का आइसोलेशन केंद्र भी स्थापित किया गया है। कोरोनावायरस के लक्षण वाले लोगों का त्वरित रूप से सैंपल लेकर जांच हेतु भेजा जाएगा तथा पॉजिटिव पाए जाने पर उन्हें तत्काल अनुमंडल स्तर पर तैयार आइसोलेशन केंद्र या कोविड-19 के लिए निर्धारित अस्पताल में भेजा जायेगा।
सभी प्रखंड स्तरीय क्वॉरेंटाइन सेंटर एवं आइसोलेशन सेंटर में 24 घंटे सुरक्षा की व्यवस्था के लिए दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। इन केंद्रों पर किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूर्णत: वर्जित रहेगा।
बैठक में उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, सिविल सर्जन, निदेशक डीआरडीए, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, श्रम अधीक्षक सहित अन्य पदाधिकारी तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी जुड़े थे।

Other Important News