October 18, 2024

जल जीवन हरियाली अभियान नालंदा

नालंदा जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जल जीवन हरियाली अभियान सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक
——————————–
4 नवंबर 2019
——————————–
जिला पदाधिकारी योगेंद्र सिंह ने आज हरदेव भवन सभागार में जल जीवन हरियाली अभियान सहित विभिन्न योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की।
जल जीवन हरियाली अभियान के तहत जिला में 26 अक्टूबर को 185 योजनाओं का उद्घाटन तथा 718 योजनाओं का शिलान्यास किया गया था, जिसकी समेकित लागत 110•5 करोड़ रुपए है।
जिला पदाधिकारी ने शिलान्यास की गई योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को दिया।
हर घर नल का जल निश्चय के तहत ट्यूबवेल संस्थापन के लिए जिन वार्डों से अनापत्ति प्रमाण पत्र पीएचइडी को नहीं दिया गया है, सभी अंचल अधिकारियों को अविलंब नियमानुसार अनापत्ति प्रमाण पत्र देने का निर्देश दिया गया। नल जल योजना के तहत योजनाओं को पूर्ण करने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को दिया गया।
मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शेष बचे लक्ष्य के आधार पर पात्र लाभुकों से आवेदन प्राप्त करने तथा वाहन क्रय के उपरांत त्वरित अनुदान का भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया गया।
न्यायालय से संबंधित मामलों में निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत अपेक्षित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश सभी संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।
लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी द्वारा पारित आदेश का अनुपालन निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत सुनिश्चित कराने का निर्देश सभी लोक प्राधिकार के पदाधिकारियों को दिया गया। सुनवाई के क्रम में लोक प्राधिकार के पदाधिकारी को स्वयं अथवा योग्य एवं जानकार प्रतिनिधि के माध्यम से लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के समक्ष अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया।
ऑनलाइन म्यूटेशन के सभी लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश सभी अंचलाधिकारी को दिया गया। खारिज किए गये आवेदनों में कारण स्पष्ट रूप से उल्लेखित करने को कहा गया। एकंगरसराय एवं चंडी में निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत निष्पादित नहीं किये आवेदनों की संख्या अधिक पाई गई। जिला पदाधिकारी ने दोनों अंचल अधिकारियों से स्पष्टीकरण पूछा।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत वर्ष 2019-20 के लिए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत प्रतिशत लाभार्थियों का निबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को दिया गया।
राशन कार्ड धारियों की सूची से सभी अपात्र, मृत एवं माइग्रेटेड लोगों का नाम नियमानुसार रद्द करने के लिए तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को नियमित रूप से अनुमंडल स्तर पर अनुश्रवण समिति की बैठक कर विभिन्न योजनाओं के प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Other Important News