October 19, 2024

ख़बरे टी वी – अक्षय ऊर्जा एवं ऊर्जा बचत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बिहार स्टेट पावर (होल्डिंग) कंपनी लिमिटेड द्वारा आगामी 15 मार्च को राजगीर में ग्रीन मैराथन का आयोजन किया जा रहा है

15 मार्च को राजगीर में ग्रीन मैराथन, आयोजन को लेकर बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी के एमडी ने की बैठक

अक्षय ऊर्जा एवं ऊर्जा बचत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बिहार स्टेट पावर (होल्डिंग) कंपनी लिमिटेड द्वारा आगामी 15 मार्च को राजगीर में ग्रीन मैराथन का आयोजन किया जा रहा है।
इस मैराथन में 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर एवं 21 किलोमीटर (हाफ मैराथन) दूरी की दौड़ का आयोजन किया जायेगा। तीनों वर्गों (दूरी) की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विजेता प्रतिभागियों को कुल तीन लाख रुपये का नगद इनाम वितरित किया जाएगा। निर्धारित दूरी की दौड़ पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित भी किया जाएगा।
ग्रीन मैराथन के आयोजन को लेकर आज बिहार स्टेट पावर (होल्डिंग) कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक प्रत्यय अमृत ने जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, कंपनी के अन्य पदाधिकारियों सहित स्थानीय पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ आर आई सी सी, राजगीर के सभागार में बैठक की।
उन्होंने बताया कि पावर होल्डिंग कंपनी द्वारा राजगीर में पहली बार ग्रीन मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन प्रत्येक वर्ष किया जाएगा। इसके नियमित आयोजन से राजगीर में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस मैराथन प्रतियोगिता में अन्य राज्यों के भी प्रतिभागी भाग लेंगे। राज्य स्तर से भारतीय प्रशासनिक सेवा एवं अन्य सेवाओं के भी पदाधिकारी एवं कर्मी इस प्रतियोगिता में शिरकत करेंगे। स्थानीय स्तर पर बिहार पुलिस एकेडमी, सीआरपीएफ रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र एवं सैनिक स्कूल सहित अन्य संस्थानों के भी प्रतिभागियों को भाग लेने हेतु निबंधन कराने के लिए आमंत्रित किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस मैराथन प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु इच्छुक प्रतिभागी ऑनलाइन या ऑफलाइन एक निर्धारित शुल्क देकर अपना निबंधन करा सकते हैं। ऑनलाइन एवं ऑफलाइन निबंधन के लिए राजगीर एवं बिहार शरीफ में भी एक-एक जगह निर्धारित कर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।


इस प्रतियोगिता के लिए राजगीर में रूट का निर्धारण किया गया है। दौड़ हॉकी मैदान से शुरू होगी।
5 किलोमीटर की दौड़ के प्रतिभागी हॉकी मैदान से जयप्रकाश उद्यान तक जाएंगे, पुनः वहां से वापस हॉकी मैदान तक आएंगे।
10 किलोमीटर दूरी के प्रतिभागी हॉकी मैदान से रोपवे गोल चक्कर से वापस हॉकी मैदान तक आएंगे। इसी तरह 21 किलोमीटर (हाफ मैराथन) के प्रतिभागी हॉकी ग्राउंड से रोपवे गोल चक्कर से वन गंगा होते हुए जेठियन मार्ग में सीतारामपुर से वापस हॉकी मैदान तक आएंगे।
मैराथन के लिए निर्धारित मार्ग में जगह जगह पर पेयजल एवं मेडिकल टीम की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही निर्धारित स्थलों पर एंबुलेंस को भी तैनात किया जाएगा।
वातावरण निर्माण के लिए जगह-जगह तोरण द्वार एवं होर्डिंग/ बैनर का प्रदर्शन भी किया जाएगा। जिसके लिए कंपनी द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
बैठक में उत्तर बिहार विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार आर पुडकलकट्टी, जिला पदाधिकारी योगेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक नीलेश कुमार, पावर होल्डिंग कंपनी के अन्य पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजगीर, भूमि सुधार उप समाहर्ता राजगीर, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, स्काउट एंड गाइड के प्रतिनिधि, सैनिक स्कूल के प्रतिनिधि, स्थानीय होटल व्यवसायिक संघ के प्रतिनिधि सहित अन्य स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Other Important News