October 18, 2024

ख़बरे टीवी – राजगीर में तांगा चालकों को ई-रिक्शा देने के लिए पर्यटन विभाग द्वारा की जा रही है कार्रवाई, ई-रिक्शा निर्माण करने वाली विभिन्न कंपनियों ने घोड़ा कटोरा मार्ग में ई-रिक्शा चला कर दिया डेमो

राजगीर में तांगा चालकों को ई-रिक्शा देने के लिए पर्यटन विभाग द्वारा की जा रही है कार्रवाई, ई-रिक्शा निर्माण करने वाली विभिन्न कंपनियों ने घोड़ा कटोरा मार्ग में ई-रिक्शा चला कर दिया डेमो

राजगीर में लगभग 500 तांगा चालकों को पर्यटन विभाग, बिहार सरकार द्वारा ई-रिक्शा उपलब्ध कराया जाना है। इसके लिए विभाग स्तर पर निविदा के माध्यम से कार्रवाई की जा रही है।
आज ई-रिक्शा निर्माण करने वाली विभिन्न कंपनियों द्वारा विश्व शांति स्तूप रोपवे बेस से घोड़ा कटोरा तक फिर वापस रोपवे बेस तक ई-रिक्शा चलाकर लोड क्षमता, गति सीमा, मार्ग में चढ़ाई वाले रास्ते पर वाहन की परिचालन क्षमता आदि के संबंध में लाइव डेमो दिया गया।
इसमें लगभग 10 विभिन्न कंपनी ने अपने ई-रिक्शा का परिचालन कर क्षमता का प्रदर्शन किया।
सभी वाहन पर चालक के अतिरिक्त 4 से 5 लोग सवार थे।जिला पदाधिकारी, वन प्रमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित पर्यटन विभाग के अन्य पदाधिकारियों ने भी ई-रिक्शा वाहन की सवारी की तथा क्षमता का अवलोकन किया।


पर्यटन विभाग के मुख्य अभियंता एवं कार्यपालक अभियंता की देखरेख में संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
विभिन्न वाहनों के स्थल पर क्षमता प्रदर्शन के अनुरूप पर्यटन विभाग द्वारा निविदा से संबंधित आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि निविदा निष्पादित होने के उपरांत 2 महीने के अंदर सभी वाहनों की आपूर्ति आपूर्तिकर्ता कंपनी को सुनिश्चित करनी होगी। मार्च महीने में ई-रिक्शा की आपूर्ति करने की संभावना बताई गई।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, वन प्रमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर, जिला परिवहन पदाधिकारी, पर्यटन विभाग के मुख्य अभियंता/ कार्यपालक अभियंता, तांगा चालक समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यगण सहित अन्य पदाधिकारी एवं विभिन्न ई रिक्शा कंपनी के प्रतिनिधिगण मौजूद थे।

Other Important News