October 19, 2024

ख़बरें टी वी : नालंदा विश्वविद्यालय के लिए नए अर्थशास्त्री और पद्म भूषण से सम्मानित कुलाधिपति (चांसलर) नियुक्त… जानिए पूरी ख़बर

 

नालंदा विश्वविद्यालय के लिए नए अर्थशास्त्री और पद्म भूषण से सम्मानित कुलाधिपति (चांसलर) नियुक्त….

 

 

 

 

 

 

ख़बरें टी वी : 9334598481 : ब्यूरो रिपोर्ट : प्रसिद्ध अर्थशास्त्री और पद्म भूषण से सम्मानित कोलंबिया यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर अरविंद पनगढ़िया को नालंदा विश्वविद्यालय का कुलाधिपति नियुक्त किया गया है। नालंदा विश्वविद्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार विश्वविद्यालय को 28 अप्रैल, 2023 की देर शाम विदेश मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रोफेसर अरविंद पनगढ़िया के विश्वविद्यालय के कुलाधिपति के रूप में नियुक्ति की सूचना मिली। नालंदा विश्वविद्यालय भारतीय संसद के अधिनियम द्वारा स्थापित राष्ट्रीय महत्व का एक अंतरराष्ट्रीय संस्थान है जो विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में कार्यरत है। पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के सत्रह देश इस विश्वविद्यालय के सहभागी सदस्य हैं।

भारत के राष्ट्रपति द्वारा नालंदा विश्वविद्यालय के कुलाधिपति के रूप में नीति आयोग के पहले उपाध्यक्ष प्रोफेसर पनगढ़िया को नियुक्त किए जाने पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर सुनैना सिंह ने पूर्ण प्रसन्नता व्यक्त की और प्रोफेसर पनगढ़िया को शुभकामनाएं प्रेषित की।

प्रोफेसर पनगढ़िया को भारतीय अर्थव्यवस्था के अग्रणी विशेषज्ञ के रूप में जाना जाता है। वह एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के मुख्य अर्थशास्त्री रह चुके हैं। वर्तमान में डॉ. पनागरिया अमेरिका स्थित कोलंबिया विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर और स्कूल ऑफ इंटरनेशनल एंड पब्लिक अफेयर्स में भारतीय आर्थिक नीतियों पर दीपक और नीरा राज केंद्र के निदेशक भी हैं। उन्होंने मैरीलैंड विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र विभाग में भी पढ़ाया है और विश्व बैंक, IMF और UNCTAD जैसे विश्वस्तरीय संस्थानों साथ विभिन्न पदों पर काम किया है।

एक प्रतिष्ठित प्रोफेसर और अर्थशास्त्री के रूप में भारत को गौरवान्वित करने वाले डॉ. पनगढ़िया, अंतर्राष्ट्रीय सलाहकार बोर्ड, भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के सदस्य रहे हैं और अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक संबंधों पर अनुसंधान के लिए इंडियन काउंसिल फॉर रिसर्च ओं इंटरनेशनल इकोनॉमिक रिलेशन (आईसीआरआईईआर) के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य के रूप में भी कार्य किया है। मार्च 2012 में भारत सरकार द्वारा डॉ. पनगढ़िया को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था जो किसी भी क्षेत्र में दिया जाने वाला देश का तीसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है। प्रोफेसर पनगढ़िया नालंदा विश्वविद्यालय के गवर्निंग बोर्ड के सदस्य भी रह चुके हैं।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति के रूप में डॉ.पनगढ़िया को नियुक्त करने हेतु कुलपति प्रोफेसर सुनैना सिंह ने भारत के माननीय राष्ट्रपति और माननीय विदेश मंत्री के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। नए कुलाधिपति की नियुक्ति का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय एक युवा विश्वविद्यालय है जो आने वाले समय में डॉ. पनगढ़िया की असाधारण विद्वता और उत्कृष्ट अकादमिक अनुभव से निश्चित ही लाभान्वित होगा।

 

 

Other Important News