October 19, 2024

ख़बरें टी वी : बिहारशरीफ शहर के अंदर भी ग्रीन जोन बनाया जाएगा,इसके लिए जिलाधिकारी ने 15 दिनों के अंदर मांगा रिपोर्ट…. जानिए पूरी ख़बर

 

*नदी एवं नहर तटबन्ध के चाट लैंड में किया जाएगा वृक्षारोपण*

*वृक्षारोपण हेतु राज्य स्तर से किया गया है मानक प्रक्रिया का निर्धारण*

*बिहारशरीफ शहर के अंदर भी ग्रीन जोन बनाया जाएगा,इसके लिए जिलाधिकारी ने 15 दिनों के अंदर मांगा रिपोर्ट*

*शहरी ग्रीन जोन में टहलने एवं साइक्लिंग के लिए बनाया जाएगा ट्रैक*

*वृक्षारोपण हेतु स्थल चयन को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक*

*स्थानीय सर्वेक्षण कर स्थल चयन हेतु वन विभाग के रेंजर, बाढ़ नियंत्रण के सहायक अभियंता एवं संबंधित अंचलाधिकारियों को शामिल करते हुए अलग-अलग दलों का गठन*

 

 

 

 

 

ख़बरें टी वी : 9334598481 : ई शुभम् की रिपोर्ट : जलवायु संरक्षण के लिए वृक्षारोपण आवश्यक है। जल जीवन हरियाली अभियान के अंतर्गत भी वन भूमि का आच्छादन बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित है।
इस उद्देश्य से नदी एवं नहर तटबंध के चाट लैंड पर वृक्षारोपण किया जाएगा।
राज्य स्तर पर भी इस उद्देश्य को लेकर विकास आयुक्त की अध्यक्षता में जनवरी माह में बैठक आहूत की गई। विचार विमर्श के उपरांत नहर/नदी तटबंध के चाटलैंड पर वृक्षारोपण हेतु मानक प्रक्रिया का निर्धारण किया गया है।
नहर नदी के तटबंधों के ऊपर तथा रिवर साइड एवं कंट्री साइड स्लोप पर वृक्षारोपण नहीं किया जाना है। नहर के बाहरी स्लोप के बाद समतल जमीन पर तीन-चार फीट की दूरी छोड़कर वृक्षारोपण किया जाना है। प्रत्येक 50 मीटर की लंबाई में वृक्षारोपण के उपरांत 10 मीटर का गैप आवागमन हेतु दिया जाना है।
नदी तटबंध के कंट्री साइड स्लोप में टो(toe) से 20 फीट की दूरी तथा रिवर साइड में 10 फीट की दूरी तक के क्षेत्र को वृक्षारोपण से मुक्त रखा जाएगा।
वृक्षारोपण हेतु ऐसी प्रजाति के पौधों का चयन किया जाएगा जिसकी परिपक्वता अवधि कम हो तथा जड़ों का फैलाव ज्यादा नहीं हो। यथा- शीशम, गमहार, सागवान, सेमल, कदंब, करंज, आंवला, सहजन, बांस, बबूल, बेर, अर्जुन, जामुन आदि।
रिवर साइड में यथासंभव बांस का पौधा लगाया जाएगा ताकि कटाव में कमी आ सके।
निर्धारित मानक के अनुरूप स्थानीय सर्वेक्षण कर नदी एवं नहर के ऐसे तटबंध के भाग को वृक्षारोपण हेतु चिन्हित किया जाएगा।
नालंदा जिला में वृक्षारोपण हेतु उपयुक्त स्थल के निर्धारण को लेकर जिलाधिकारी श्री शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में शुक्रवार संध्या बैठक आहूत की गई।
जिला में प्रथम चरण में बिहारशरीफ में पंचाने नदी के किनारे कोशुक से वन प्रमंडल पदाधिकारी के कार्यालय तक का क्षेत्र, गिरियक प्रखंड में पंचाने नदी के किनारे का भाग तथा अस्थावां प्रखंड में विभिन्न नदियों के तटबंध के किनारे के भाग में स्थानीय सर्वेक्षण कर वृक्षारोपण हेतु उपयुक्त स्थल चिन्हित कर सूचीबद्ध किया जाएगा।
इस सर्वेक्षण कार्य के लिए वन विभाग के एक रेंजर, बाढ़ नियंत्रण के एक सहायक अभियंता तथा संबंधित अंचल अधिकारी को शामिल करते हुए तीनों अंचलों के लिए अलग-अलग टीम का गठन किया गया। इस टीम द्वारा अपने निर्धारित क्षेत्र में स्थल सर्वेक्षण कर निर्धारित मानक के अनुरूप वृक्षारोपण हेतु उपयुक्त स्थल को चिन्हित कर सूचीबद्ध किया जाएगा।
वृक्षारोपण से संबंधित आंकड़ों का संधारण तथा रखरखाव का कार्य पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा किया जाएगा।
बिहारशरीफ शहर के अंदर भी ग्रीन जोन बनाया जाएगा। इससे प्रदूषण में कमी आएगी तथा शहर की हवा शुद्ध होगी। इस संबंध में जिलाधिकारी ने 15 दिनों के अंदर रिपोर्ट मांगा है। शहरी ग्रीन जोन में टहलने एवं साइकिलिंग के लिए ट्रैक का निर्माण भी किया जाएगा।
बैठक में उप विकास आयुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के सभी कार्यपालक अभियंता, सिंचाई प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, डीपीएम जीविका, अंचलाधिकारी बिहारशरीफ, गिरियक एवं सिलाव आदि उपस्थित थे।

Other Important News