October 18, 2024

ख़बरे टी वी – नालंदा विश्वविद्यालय में मनाया गया 73वां गणतंत्र दिवस, मौके पर विश्वविद्यालय के कुलपति ने कहा राष्ट्र के गौरव के साथ उभर रहा है अपना नालंदा विश्वविद्यालय …… जानिए पूरी खबर

नालंदा विश्वविद्यालय में मनाया गया 73वां गणतंत्र दिवस

राष्ट्र के गौरव के रूप में उभर रहा है नालंदा विश्वविद्यालय: कुलपति प्रो. सुनैना सिंह

 

Khabre Tv – 9334598481 – ब्यूरो रिपोर्ट-  नालंदा विश्वविद्यालय में भारत का 73वां गणतंत्र दिवस उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समारोह को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुनैना सिंह ने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय न केवल भारत बल्कि समग्र विश्व के गौरव के रूप में उभर रहा है।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय के नवनिर्मित परिसर में छात्रों द्वारा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियाँ हुई। विभिन्न देशों के छात्रों ने वैविध्यपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रदर्शित किये। इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रो. सुनैना सिंह ने शिक्षा परम्परा की समग्रता के महत्व पर जोर दिया। प्राचीन नालंदा की एकीकृत ज्ञान परम्परा को वर्तमान नालंदा से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि नवनिर्मित नालंदा विश्वविद्यालय विभिन्न देशों की संस्कृतियों का संगम है और भारत के समावेशी विद्वत परंपराओं का प्रतिनिधित्व करता है।

 

 

कोविड से उभरे वर्तमान संदर्भ का उल्लेख करते हुए प्रो. सिंह ने कहा कि हम अनिश्चितता और संक्रमण के दौर से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस का अवसर भारत के उस ऐतिहासिक परिवर्तन और संक्रमण को याद करने का अवसर है जब हमें राजनैतिक स्वतंत्रता के साथ वैचारिक स्वतंत्रता भी मिली। भारत में विकसित हुई ज्ञान परंपरा की व्याख्या करते हुए प्रो. सिंह ने ज्ञान, ध्यान, धैर्य, और कर्म की व्याख्या भारतीय विचार शैली के चार स्तम्भों के रूप में की।

ज्ञान-अर्जन और नैतिक मूल्यों की स्थापना में विश्वविद्यालय की महत्त्वपूर्ण भूमिका के तथ्य को रेखांकित करते हुए प्रो. सिंह ने छात्रों के वैयक्तिक विकास के साथ बौद्धिक और चारित्रिक विकास को प्रासंगिक बताया। उन्होंने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए ज्ञान-मूल्यों के निर्माण में शैक्षणिक संस्थानों की सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया। ध्यातव्य है कि नालंदा विश्वविद्यालय का एक उद्देश्य वर्तमान युवा पीढ़ी का समेकित विकास करना और उन्हें भविष्य के वैश्विक नेतृत्व की ओर प्रेरित करना है।

 

 

कुलपति प्रो. सुनैना सिंह के नेतृत्व में नालंदा विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों और अनुसंधान केंद्रों में मास्टर्स प्रोग्राम, ग्लोबल डॉक्टरेट के साथ साथ विभिन्न अल्पकालिक कार्यक्रमों का समन्वय करते हुए एक नवोन्मेषी शैक्षणिक संकल्पना साकार हो रही है। विगत वर्षों में हुए उत्तरोत्तर विकास से ऐतिहासिक रूप से प्रसिद्ध नालंदा विश्वविद्यालय के इस नए अवतार की आधारशिला सुदृढ़ हुई है। यह विश्वविद्यालय दुनिया के सबसे बड़े नेट जीरो परिसरों में से एक के रूप में उभर रहा है।

कोविड के कारण कार्यक्रम का आयोजन प्रशासन के दिशानिर्देशों के अनुसार किया गया था

Other Important News